भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बिहार के तीन नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों एवं विभिन्न दायित्वों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। नई राष्ट्रीय कार्यसमिति में बिहार से तीन नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।
पार्टी की ओर से जारी नियुक्तियों के अनुसार सिद्धार्थ शंभू को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। वहीं ऋतुराज सिन्हा को प्रकोष्ठ संकुल सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा राज्यसभा सांसद शिवेश कुमार राम को भाजपा अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।ऋतुराज सिन्हा इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री के दायित्व का निर्वहन कर चुके हैं। नई जिम्मेदारी के साथ पार्टी संगठन में उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है।
बिहार से तीन नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने से प्रदेश भाजपा में भी उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती मिलेगी।

