प्रशांत किशोर का पहला मास्टर स्ट्रोक, बांकीपुर के 10 हजार युवाओं को मिलेगी नौकरी
पटना। बिहार की राजधानी पटना के बांकीपुर से विधायक चुने जाने के बाद जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने 10 हजार बेरोजगार युवाओं को नौकरी देने की घोषणा की है। पीके ने बांकीपुर विधानसभा में रहने वाले परिवारों से उनके शिक्षित बेरोजगार युवाओं के सीवी और बायोडेटा मांगे हैं।
हालांकि पीके ने इस दौरान सरकारी नौकरी का वादा नहीं किया है। उनका कहना है कि अपने निजी संपर्कों का इस्तेमाल कर युवाओं को कंपनियों और फैक्ट्रियों में नौकरी दिलाने की कोशिश करेंगे। बता दें कि बांकीपुर से उपचुनाव जीतने के बाद प्रशांत किशोर ने मंगलवार से इलाके में जनसंपर्क अभियान शुरू किया।
लोगों से संवाद के दौरान उन्होंने बेरोजगार युवाओं के लिए अपना प्लान सामने रखा। उन्होंने परिवारों से कहा कि अगर उनके बच्चे पढ़-लिखकर बेरोजगार हैं तो उनका बायोडाटा उनके कार्यालय तक पहुंचाया जाए। इसके बाद उनकी टीम रोजगार के संभावित अवसरों से युवाओं को जोड़ने की कोशिश करेगी।
प्रशांत किशोर ने साफ किया कि वह सरकारी नौकरी दिलाने का दावा नहीं कर रहे हैं। उनका फोकस प्राइवेट सेक्टर की नौकरियों पर है। उन्होंने कहा कि उनके जीवन और काम के दौरान बड़े लोगों और कंपनियों में जो संपर्क बने हैं, उनका इस्तेमाल अब बांकीपुर के युवाओं के लिए किया जाएगा। उनका लक्ष्य अगले एक-दो साल में करीब 10 हजार परिवारों के बच्चों को रोजगार से जोड़ना है।
पीके ने कहा कि शुरुआती दौर में युवाओं को नौकरी के लिए बिहार से बाहर भी जाना पड़ सकता है। उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि फिलहाल बिहार में जन सुराज की सरकार नहीं है। ऐसे में जहां रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं, वहां युवाओं को भेजने की कोशिश की जाएगी।उन्होने कहा कि जब जन सुराज की सरकार बनेगी तो बिहार में ही रोजगार के अवसर पैदा करने पर जोर दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है,कि बांकीपुर लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। उपचुनाव में प्रशांत किशोर की जीत ने बिहार की राजनीति में काफी चर्चा बटोरी।अब विधायक बनने के बाद उनकी पहली बड़ी घोषणा एक मास्टर स्ट्राॅक माना जा रहा है।

