मुरारपुर पंचायत के बघउत गांव में जहर खाने से एक नवविवाहिता की मौत, प्राथमिकी
हरसिद्धिॆ। थाना क्षेत्र के मुरारपुर पंचायत के बघउत गांव में शुक्रवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रणधीर कुमार की 22 वर्षीय पत्नी कविता कुमारी के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया। बताया जा रहा है कि कविता की शादी महज चार महीने पहले ही हुई थी।
वह पीपराकोठी थाना क्षेत्र के बलथरवा गांव निवासी सुरेंद्र राय की पुत्री थी। मृतका के पिता सुरेंद्र राय का आरोप है कि शादी में करीब दस लाख रुपए उपहार स्वरूप दिए थे, जिससे उसके पति रणधीर कुमार ने एक निजी स्कूल भी खोल लिया था। बावजूद इसके ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी।
मृतका के पिता ने बताया कि शुक्रवार की सुबह भी उनकी बेटी ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है। सूचना मिलने पर जब मायके वाले ससुराल पहुंचे तो देखा कि कविता का शव घर के बरामदे में पड़ा हुआ था, जबकि घर के सभी सदस्य फरार थे।
गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग जहर खाने से मौत की आशंका जता रहे हैं, हालांकि पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

