मुजफ्फरपुर में बया नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत
मुजफ्फरपुर। बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के बया नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से शनिवार को मौत हो गई, जबकि चौथे ने तैरकर अपनी जान बचाई।जिले के साहेबगंज नगर परिषद क्षेत्र में शनिवार दोपहर हादसे में बया नदी में डूबने से तीन किशोरों की मौत हो गई।वहीं, उनके साथ नदी में नहाने गया चौथा किशोर किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया और उसकी जान बच गई। घटना बैद्यनाथपुर शिवालय मंदिर के सामने बया नदी की है।
मृतकों में वार्ड संख्या-8 निवासी अमृत कुमार (14 वर्ष), पिता- गुड्डू साह, साहिल उर्फ झुन्नू (12 वर्ष), पिता- मनोज साह और मोहम्मद रेहान (13 वर्ष), पिता- मोहम्मद ऐनु है। वहीं गुड्डू (13 वर्ष), पिता- मोहम्मद मुन्ना किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकल आया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर चारों किशोर बया नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए। गुड्डू ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि बाकी तीन किशोर नदी में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने करीब दो से तीन घंटे तक लगातार नदी में खोजबीन की। काफी मशक्कत के बाद तीनों किशोरों के शव बाहर निकाले गए। इसके बाद उन्हें साहेबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही साहेबगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनडीआरएफ को सूचना देने के बावजूद टीम काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंची, जिसके कारण शवों की तलाश स्थानीय लोगों को ही करनी पड़ी।इस हृदयविदारक हादसे के बाद साहेबगंज नगर परिषद के वार्ड संख्या-8 में मातम का माहौल है। तीनों किशोरों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

