सम्राट सरकार के 100 दिन पूरे, प्रशासन ने विकासात्मक कार्यो का प्रस्तुत किया लेखा-जोखा
-पटना से लाइव प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री के निर्देश को अधिकारियों ने गौर से देखा एवं सुना
मोतिहारी। बिहार सरकार के “सेवा, संकल्प एवं समर्पण” के 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में विकास एवं जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया।
राज्य स्तरीय आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पटना में आहूत कार्यक्रम को लाइव प्रसारण को देखने के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद भवन के सभागार में माकूल व्यवस्था की गई थी। उक्त अवसर पर प्रभारी जिला पदाधिकारी सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। प्रभारी जिला पदाधिकारी मुकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन के द्वारा राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करते हुए अनेक उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की गई है।
इन 100 दिनों के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, रोजगार, ऊर्जा, ग्रामीण विकास, पंचायत सशक्तीकरण, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई है। विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में आधारभूत संरचनाओं का विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तार तथा आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए है।
सहयोग शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की गई। आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड निर्माण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राजस्व एवं भूमि संबंधी सेवाओं, पंचायत सरकार भवन, जल-जीवन-हरियाली, सौर ऊर्जा योजनाओं, उद्यमिता एवं रोजगार सृजन, उच्च एवं स्कूली शिक्षा के विस्तार तथा अन्य विकास योजनाओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई हैं। जिला प्रशासन ने सभी विभागों के समन्वित प्रयास, जनप्रतिनिधियों के सहयोग एवं आम नागरिकों की सहभागिता से विकास कार्यों को गति प्रदान करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी सोंच को धरातल पर साकार किया है। इसका प्रत्यक्ष लाभ जिले के लाखों नागरिकों को मिल रहा है।
उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा एवं विकास कार्यों को गति प्रदान करता रहेगा। कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार सभागार में प्रभारी जिला पदाधिकारी मुकेश कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार,एडीएम शैलेंद्र कुमार भारती, एडीएम विभागीय जांच मो. सिबगतुल्लाह सहित जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

