सुगौली सीएचसी में यक्ष्मा रोगियों को बांटी गई निक्षय पोषण किट
सुगौली। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमे प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आये यक्ष्मा रोगियों के बीच निक्षय पोषण किट का वितरण किया गया, ताकि मरीज सही पोषण पाकर जल्द से जल्द स्वास्थ्य लाभ ले सकें।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड विकास पदाधिकारी नूतन किरण और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एमए असद ने संयुक्त रूप से किया। बीडीओ नूतन किरण ने कहा कि टीबी एक साध्य बीमारी है। सही समय पर इलाज तथा बेहतर खान-पान से इसे पूरी तरह से ठीक किया जा सकता है। सरकार यक्ष्मा उन्मूलन को लेकर पूरी तरह गंभीर है, फलस्वरूप मरीजों की हर संभव मदद कर रही है।
वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एमए असद ने बताया कि टीबी की दवाइयों के साथ-साथ सही पोषण बहुत जरूरी है। निक्षय पोषण किट का मुख्य उद्देश्य मरीजों के शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाना है, जिससे दवाइयां तेजी से असर कर सके। उन्होंने मरीजों से समय पर पूरी खुराक लेने की अपील की। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य प्रबंधक आदित्य रंजन,सामुदायिक स्वास्थ्य उत्प्रेरक नितेश गिरी,वरीय यक्ष्मा चिकित्सकीय पर्यवेक्षक अजित कुमार सिंह और डाटा ऑपरेटर आदित्य कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

