18 सितंबर को लोक अदालत में भाग लेकर ट्रैफिक चालान से पाये समझौता अनुकूल निस्तारणः नितिन त्रिपाठी
-लोक अदालत की सफलता को लेकर कार्यपालक पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक
मोतिहारी। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 18 सितंबर 2026 को निर्धारित है, लिहाजा उसकी सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, के सचिव नितिन त्रिपाठी की अध्यक्षता में सभी संबंधित कार्यपालक (एक्जीक्यूटिव) पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक अदालत के अंतर्गत बैंक, न्यायालय, ग्राम कचहरी तथा ट्रैफिक चालान से संबंधित मामलों को चिन्हित कर संबंधित पक्षों को समय से नोटिस तामिला कराने पर जोर दिया गया।
ट्रैफिक चालान से संबंधित मामलों के निष्पादन हेतु जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि लोक अदालत के अवसर पर बापू सभागार में गठित होने वाली बेंच के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करें। वहीं, ग्राम कचहरी से संबंधित मामलों के लिए जिला पंचायती राज पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि वे सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों की बैठक आयोजित कर ग्राम कचहरियों में लंबित वादों को चिन्हित करते हुए अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत को जनहित में एक प्रभावी वैकल्पिक विवाद निस्तारण मंच बताते हुए अधिकाधिक मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में भेजने एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर राम जन्म पासवान, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, अजय कुमार, माप-तौल पदाधिकारी, अमर कुमार, रेंज पदाधिकारी (वन्य), अमर ज्योति, श्रम पदाधिकारी, निवेदिता कुमारी , जिला परिवहन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चंपारण, ने आमजनों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अपने विवादों का शीघ्र, सुलभ एवं सौहार्दपूर्ण समाधान प्राप्त करने का लाभ उठाएं।

