छात्रो पर लाठीचार्ज के विरोध में सड़को पर उतरे छात्र
मोतिहारी। नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर और पटना में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरूवार को मोतिहारी में विभिन्न छात्र संगठनों ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया।
यूथ ऑर्गेनाइजेशन के बैनर तले निकले विरोध मार्च के कारण शहर के कचहरी चौक पर घंटो जाम की स्थिति बनी रही।छात्रों ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।प्रदर्शन की शुरुआत बलुआ चौक से हुई।जिसमे हजारो की संख्या में छात्र शामिल हुए और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कचहरी चौक पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के साथ ही पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शनकारी छात्र कचहरी चौक पर पहुंचकर चारो ओर निकलनी वाली सड़को पर बैठ गये।लिहाजा जाम के कारण यातायात पूरी तरह बंद हो गया।
जाम की सूचना मिलते ही सदर एसडीओ अरुण कुमार और सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छात्र नेताओं से बातचीत कर धरना को शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त कराया।नतीजतन यातायात सामान्य हुआ। प्रशासन ने छात्र संगठनों और आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की।

