राहुल गांधी के नेतृत्व में गांधी स्मृति पहुंचे विपक्षी सांसद व नेता, नीट पीड़ित छात्रों को दी श्रद्धांजलि

राहुल गांधी के नेतृत्व में गांधी स्मृति पहुंचे विपक्षी सांसद व नेता, नीट पीड़ित छात्रों को दी श्रद्धांजलि
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडी गठबंधन के सांसदों और नेताओं ने गुरुवार को यहां गांधी स्मृति पहुंचकर नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक प्रकरण के बाद जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि दी।इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि पूरा विपक्ष छात्रों के साथ खड़ा है और न्याय तथा जवाबदेही की उनकी लड़ाई में उनका समर्थन करता रहेगा।

राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित इंडिया गठबंधन के कई सांसद और नेता एक बस से गांधी स्मृति पहुंचे। बस के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। विपक्षी नेताओं ने तीस जनवरी मार्ग स्थित गांधी स्मृति में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उसके बाद नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले में जान गंवाने वाले छात्रों को भी श्रद्धांजलि दी।

गांधी स्मृति जाने से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि इंडिया गठबंधन के सांसद और नेता शांतिपूर्ण ढंग से गांधी स्मृति जा रहे हैं। वह उन छात्रों को याद करने जा रहे हैं जिन्होंने नीट प्रश्नपत्र लीक के बाद अपनी जान गंवाई, साथ ही उन छात्रों के साथ एकजुटता व्यक्त करने जा रहे हैं जो न्याय और जवाबदेही की मांग करते हुए घायल हुए हैं। भारत के छात्र अकेले नहीं हैं और पूरा विपक्ष उनके तथा उनकी मांगों के साथ खड़ा है।

कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया पर कहा कि जब देश के छात्र सड़क पर हैं तो विपक्ष का भी उनके साथ सड़क पर होना जरूरी है। पार्टी के अनुसार पहले इंडिया गठबंधन के सांसद इंडिया गेट जाना चाहते थे, लेकिन अनुमति नहीं मिली। इसके बाद गांधी स्मृति जाने का निर्णय लिया गया। कांग्रेस ने छात्रों के नाम संदेश देते हुए कहा कि पूरा विपक्ष उनके साथ है और उनके साथ हुए कथित अत्याचार का विरोध करता है।

राहुल गांधी के साथ गांधी स्मृति पहुंचे नेताओं में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के अरविंद सावंत, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की सुप्रिया सुले, तृणमूल कांग्रेस के सौगत राय और महुआ मोइत्रा, राष्ट्रीय जनता दल की मीसा भारती और संजय यादव, झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ मांझी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जॉन ब्रिटास, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पी. संतोष कुमार, समाजवादी पार्टी के रामजी लाल सुमन तथा इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के ई.टी. मोहम्मद बशीर शामिल थे। बिहार से सांसद पप्पू यादव भी इस दौरान मौजूद रहे। केरल के मुख्यमंत्री भी अपने काफिले के साथ गांधी स्मृति पहुंचे। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव इस बैठक में शामिल नहीं हो सके।इससे पहले राहुल गांधी के आवास पर इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक हुई। बैठक में नीट प्रश्नपत्र लीक प्रकरण को लेकर संसद के भीतर और बाहर विपक्ष की रणनीति पर चर्चा की गई। इसमें इंडिया गठबंधन के लोकसभा और राज्यसभा के सांसद शामिल हुए।

आज सुबह संसद के मानसून सत्र के दौरान राहुल गांधी ने संसद भवन परिसर में इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में संसद के भीतर नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले, छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई तथा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।

उल्लेखनीय है कि नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक प्रकरण और छात्रों के आंदोलन को लेकर संसद के दोनों सदनों में लगातार गतिरोध बना हुआ है। विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की मांग कर रहा है, जबकि केंद्र सरकार का कहना है कि वह इस विषय पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन किसी पूर्व शर्त के आधार पर नहीं।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page