संदिग्ध मौत मामले की जांच तेज, सदर डीएसपी ने लिया जायजा

संदिग्ध मौत मामले की जांच तेज, सदर डीएसपी ने लिया जायजा
Facebook WhatsApp

– मृतक के पुत्र ने उप प्रमुख के पुत्र व भाई को बनाया अभियुक्त 

तुरकौलिया। थाना क्षेत्र के अमवा गांव में तीन दिन पूर्व हुई बुजुर्ग नंदकिशोर यादव की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है।  सदर डीएसपी दिलीप कुमार स्वयं गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की गहन जांच की। इस दौरान उन्होंने परिजनों सहित ग्रामीणों से भी बातचीत कर घटना की पूरी जानकारी ली।

बताया जाता है कि मृतक के पुत्र सुबोध कुमार ने थाना में आवेदन देकर उप प्रमुख अशोक यादव के भाई अनिल यादव और उनके पुत्र पप्पू कुमार को आरोपित बनाया है। आवेदन में दोनों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया गया है। वहीं, इस मामले में एक नया मोड़ तब आया, जब बुधवार को अमवा गांव के दर्जनों ग्रामीण थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित व मौखिक रूप से बताया कि आरोपित बनाए गए दोनों व्यक्ति निर्दोष हैं।

उन्हें गलत तरीके से फंसाया गया है। लिहाजा एसपी के आदेश पर मामले की जांच करने डीएसपी पहुंचे थे। डीएसपी दिलीप कुमार ने कहा कि पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिस्थितिजन्य साक्ष्य और गवाहों के बयान के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को जेल नहीं भेजा जाएगा। पुलिस निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच कर रही है, ताकि मामले का सही खुलासा हो सके। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है। गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन मामले को लेकर लोगों में चर्चा का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page