हरसिद्धि मे मक्का लदे ट्रक को रोक जबरन उतरवाया,एक गिरफ्तार
-व्यापारी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज
मोतिहारी। हरसिद्धि थाना क्षेत्र में मक्का से लदे ट्रक को रोककर चालक के साथ मारपीट, मोबाइल छीनने और जबरन दूसरे स्थान पर माल उतरवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य नामजद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
दूधही भरवलिया निवासी मक्का व्यवसायी किशोरी शाह ने हरसिद्धि थाना में दिए आवेदन में बताया कि उन्होंने जयसिंहपुर निवासी नीरज पटेल के माध्यम से मक्का खरीदने का सौदा किया था। अग्रिम राशि भेजने के बाद मक्का लोड कर ट्रक हरसिद्धि के लिए रवाना किया गया।
धर्मकांटा की पर्ची व्हाट्सएप पर मिलने के बाद उन्होंने मक्का की कीमत के रूप में करीब 5.86 लाख रुपये नीरज पटेल के खाते में भेज दिया। नीरज ने उन्हें बताया था कि ट्रक दोपहर तीन बजे तक हरसिद्धि पहुंच जाएगा। लेकिन तय समय पर ट्रक नहीं पहुंचने पर जीपीएस के माध्यम से उसका लोकेशन डुमरियाघाट स्थित गोलू होटल के पास मिला।
वहां पहुंचने पर देखा गया कि 20 से 25 लोग ट्रक को घेरकर खड़े हैं। आरोप है कि चालक के साथ मारपीट की गई, उसका मोबाइल छीन लिया गया और धमकी देकर ट्रक को हरसिद्धि लाने के बजाय मोहम्मदपुर ले जाकर जबरन मक्का उतरवा लिया गया।
व्यापारी ने आवेदन में आरोप लगाया है कि तुरकौलिया निवासी पंकज किशोर ने स्वयं को मक्का का खरीदार बताते हुए ट्रक को मोहम्मदपुर ले जाकर खाली कराया। उसके साथ उसका पुत्र शुभम कुमार भी मौजूद था। मक्का उतरवाने के बाद चालक को छोड़ दिया गया।
प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि व्यवसायी के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में नामजद आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।

