नेपाल जा रहा नशे के बड़े खेप के साथ दो सौदागर चढ़े पुलिस के हत्थे
-6 हजार पीस नशीला इंजेक्शन जब्त,मुख्य सरगना की तलाश में जुटी पुलिस
-जब्त दो मोबाइल फोन से नशे के रूप में मौत बांटने वाले सिंडिकेट के खुलेंगे राज
मोतिहारी। तस्करी कर नेपाल ले जा रहे नशे के बड़े खेप के साथ नशे के दो सौदागरों को पुलिस ने टाउन थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ़्तारी शहर के कुंआरी देवी चौक के रास्ते में हुई।
बताया गया है कि गिरफ्तार एक युवक फर्नीचर बनाने वाला मिस्त्री बनकर शहर में ही किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस की पूछताछ में इनलोगों ने बताया है कि उक्त नशे का इंजेक्शन नेपाल में सप्लाई करना था , जबकि माना जा रहा है कि यह नशे का खेप पटना से मंगाया गया था। घटना के जांचोंपरांत पुलिस ने दोनों युवकों से दवा का कागजात मांगा तो दोनों ने हाथ खड़े कर दिए। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर काला रंग के अपाचे बाइक सवार दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। जिनके पास से 6000 पीस नशीला इंजेक्शन बरामद किया गया है। जिसमें टॉपजैसीक , फेनार्गन और डायजेपाम की सुई शामिल है। गिरफ्तार युवक गुड्डू कुमार पचपोखरिया महुआ एवं रमेश महतो नोनियाडीह रक्सौल निवासी बताए गए हैं। इनके पास से एक काले रंग की अपाचे बाइक व दो मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
अब पुलिस और टेक्निकल सेल की टीम इनके जब्त किए गए मोबाइल से इस ड्रग्स तस्करी के सिंडिकेट का राज खोलने में जुटी है। जानकारी के मुताबिक इस सिंडिकेट का मुख्य सरगना फरार है।गिरफ्तार दो युवकों में एक ड्रग्स माफिया का दोस्त तो दूसरा उसका सहयोगी बताया गया है। पुलिस टीम में डीएसपी सदर वन दिलीप कुमार के अलावे नगर थाना के सब इंस्पेक्टर सौरभ कुमार , सतीश कुमार , संजीव कुमार, आशीष कुमार सिंह , प्रमोद कुमार और डीआईयू की टीम शामिल थी।

