डीएम ने युवाओं को माय भारत सलाहकार समिति से जोड़ने पर दिया जोर
मोतिहारी/सनमार्ग संवाददाता। माय भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक गुरुवार को जिला पदाधिकारी सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में राधाकृष्ण भवन, में हुई। इसमें विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया तथा माय भारत कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय समन्वय को सुदृढ़ करने पर विचार-विमर्श किया।
बैठक की शुरुआत जिला युवा अधिकारी (माय भारत) अंकिता के द्वारा जिला पदाधिकारी एवं उपस्थित सभी सदस्यों के स्वागत के साथ हुई। उन्होंने माय भारत की परिकल्पना, उद्देश्यों, प्रमुख कार्यक्रमों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर माय भारत के अंतर्गत द्वि-स्तरीय समिति व्यवस्था जिला सलाहकार समिति एवं जिला समन्वय समिति के गठन एवं संचालन पर भी चर्चा की गई, जिससे जिले में युवा कार्यक्रमों के बेहतर नियोजन, समन्वय, क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण को सुनिश्चित किया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे माय भारत के साथ समन्वय स्थापित करते हुए विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों, युवा क्लबों, एनएसएस, एनसीसी तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के माध्यम से युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करें। बैठक में विशेष रूप से माय भारत पंजीकरण अभियान की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने पूर्वी चंपारण के 2.41 लाख युवाओं के पंजीकरण लक्ष्य को समयबद्ध रूप से प्राप्त करने के लिए सभी विभागों से सक्रिय सहयोग एवं व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया। वहीं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने माय भारत की गतिविधियों के सफल क्रियान्वयन एवं युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित कराने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

