मुंबई में मजदूर की मौत, शव पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम, सदमे में वृद्ध महिला की भी मौत
-शव को देख चार महिलाएं हुई बेहोश, इलाजरत
मोतिहारी।हरसिद्धि थाना क्षेत्र अंतर्गत हरपुर राय पंचायत के रानीछपरा ब्रह्माटोला गांव में उस समय मातम छा गया, जब मुंबई में मृत मजदूर का शव मंगलवार को गांव पहुंचा।
शव देखते ही गांव की पांच महिलाएं बेहोश होकर गिर पड़ीं, जिनमें से एक वृद्ध महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चार अन्य महिलाओं का इलाज जारी है।मृतक की पहचान गजेंद्र दास के रूप में हुई है, जो मजदूरी के लिए मुंबई गए हुए थे।
परिजनों के अनुसार, 18 जुलाई को उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि गजेंद्र दास 2 मई को अपने बड़े पुत्र राजन के साथ रोजगार की तलाश में मुंबई गए थे।मंगलवार को जब उनका शव गांव पहुंचा, तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
गजेंद्र दास के मिलनसार स्वभाव के कारण गांव में उनकी अच्छी पहचान थी। शव को देखते ही पड़ोस की कई महिलाएं भावुक होकर बेहोश हो गईं। सभी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान कलयुग दास की पत्नी सियापती देवी की मौत हो गई। अन्य चार महिलाएं, जिनमें मीरा देवी और कालावती देवी शामिल हैं, निजी अस्पताल में इलाजरत हैं।
एक ही गांव से दो-दो शव निकलने के कारण पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है। मृतक के घर में उनकी पत्नी लालमती देवी, पुत्र नीतीश और पुत्री रानी का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। उप सरपंच दिलीप गुप्ता, डॉ. जितेंद्र गुप्ता, कमल किशोर चौधुर, विजय ठाकुर और शम्भू प्रसाद, पैक्स अध्यक्ष समीर गुप्ता सहित अन्य लोगों ने परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। गांव में एक साथ दो मौतों से गहरा शोक व्याप्त है।

