12 सितंबर को आयोजित होगा राष्ट्रीय लोक अदालत
पूर्वी चम्पारण। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत, दिनांक 12 सितंबर 2026 के सफल आयोजन एवं अधिकाधिक मामलों के निष्पादन के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार, द्वारा सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों एवं जिला अग्रणी प्रबंधक के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार,के सचिव नितिन त्रिपाठी ने की।
इस अवसर पर सचिव नितिन त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत न्याय प्राप्ति का एक सुलभ, त्वरित एवं प्रभावी माध्यम है, जिसके माध्यम से बैंक ऋण, वसूली एवं अन्य समझौता योग्य मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण किया जाता है। उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित कर संबंधित ऋणियों एवं पक्षकारों को समय से नोटिस तामिला कराना सुनिश्चित करें, ताकि अधिकाधिक वादों का सौहार्दपूर्ण निष्पादन किया जा सके।
राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से वादकारियों का समय एवं धन दोनों की बचत होती है तथा न्यायालयों में लंबित मामलों के भार को कम करने में भी सहायता मिलती है। बैठक में जिला अग्रणी प्रबंधक के. एम. सिंह, बिमल कुमार, सत्यम भारद्वाज सहित विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं अन्य बैंक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, ने आमजन से भी अपील की है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने समझौतायोग्य मामलों का निस्तारण कर इस वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली का लाभ उठाएं।

