दिल्ली पुलिस ने सीजेपी प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील, अफवाहों से बचने की सलाह
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने और किसी भी तरह की हिंसक या गैर-कानूनी गतिविधि से दूर रहने की अपील की है।साथ ही आम लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करने तथा उन्हें साझा न करने की सलाह दी है।
दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (जनसंपर्क) राजीव रंजन ने सोमवार को एक बयान में कहा कि दिल्ली पुलिस सभी प्रदर्शनकारियों से संयम बरतने तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का अनुरोध करती है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराना चाहिए और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा दिए गए वैध निर्देशों का पालन करना चाहिए।उन्होंने कहा कि किसी भी गैर-कानूनी या हिंसक गतिविधि में शामिल होने से बचें, ताकि सार्वजनिक व्यवस्था बनी रहे।
दिल्ली पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों, भ्रामक या अपुष्ट जानकारियों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे साझा करें। पुलिस ने लोगों से केवल विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर भरोसा करने तथा शांति, सद्भाव और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने का आग्रह किया।

