वाल्मीकिनगर-बगहा रेलखंड पर ट्रेन से टकराकर भालू की मौत, 2 घंटे बाधित रहा रेल यातायात
पश्चिम चम्पारण। जिले के वाल्मीकिनगर-बगहा रेलखंड पर सोमवार सुबह अड़गणना टोला के समीप रेलवे ट्रैक पर एक भालू के ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पर भालू का शव देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि भालू किसी ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के कारण करीब दो घंटे तक वाल्मीकिनगर-बगहा रेलखंड पर ट्रेन परिचालन प्रभावित रहा। सुरक्षा और जांच कार्य के दौरान रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई। ग्रामीणों के अनुसार इस दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस, अंत्योदय एक्सप्रेस और सप्तक्रांति एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा।वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और भालू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। वहीं रेलवे अधिकारियों ने ट्रैक को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद रेल परिचालन पुनः सामान्य कराया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही भालू की मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जायेगी।

