पेपर लीक देश के लिए महामारी, छात्रों का भविष्य दांव पर नहीं लगने देंगे: राजेश राम
पटना। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि देश में पेपर लीक अब एक गंभीर राष्ट्रीय संकट का रूप ले चुका है।यह केवल परीक्षा की गोपनीयता का उल्लंघन नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के भविष्य पर सीधा हमला है।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में पिछले दस वर्षों में पेपर लीक की 150 घटनाएं हुई है और इससे निराश होकर सौ से अधिक छात्रों ने अपनी जान गंवाई है। लाखों छात्र-छात्राओं के सामने भविष्य को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। छात्र अपना सबसे बहुमूल्य समय, ऊर्जा और कठिन परिश्रम प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लगाते हैं, लेकिन ठीक उसी समय पेपर लीक करने वाले गिरोह और उन्हें संरक्षण देने वाले लोग परीक्षाओं का सौदा कर छात्रों के सपनों को कुचल देते हैं।
राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी देशभर के छात्रों के साथ मजबूती से खड़े हैं और इस अन्याय के खिलाफ उन्होंने छात्रों की गूंज कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन खड़ा किया है। कांग्रेस पार्टी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बेनकाब करने और उन्हें कड़ी सजा दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता असितनाथ तिवारी, सेवादल के चेयरमैन डॉ संजय यादव, पंकज यादव, नदीम अख्तर अंसारी मौजूद थे।

