फरार मुख्य अभियुक्त के घर हरसिद्धि पुलिस ने की कुर्की, अजय हत्याकांड में कार्रवाई तेज
हरसिद्धि। अजय हत्याकांड के फरार मुख्य अभियुक्त के खिलाफ हरसिद्धि पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को न्यायालय के आदेश पर उसके घर की कुर्की की गई।
उक्त कार्रवाई थाना क्षेत्र के मठ लोहियार पंचायत के छतौनिया गांव निवासी अभियुक्त असलम के घर पर दंडाधिकारी की मौजूदगी में की गई। उल्लेखनीय है कि गत मई माह में प्रेम-प्रसंग को लेकर अजय पटेल की हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को फंदे से लटका दिया गया था।
मामले के खुलासे के बाद पुलिस लगातार फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मुख्य अभियुक्त के लंबे समय से फरार रहने पर न्यायालय से कुर्की का आदेश प्राप्त हुआ, तत्बापश्चात उक्त कार्रवाई की गई।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि जिले में चल रहे कुर्की महाअभियान के तहत फरार अभियुक्तों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
कुर्की अभियान में अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, दरोगा अक्षय कुमार, अंकित कुमार, नेहा वर्षा सहित सशस्त्र पुलिस बल मौजूद थे।

