पुलिस की छापेमारी में फरार चल रहे चार आरोपी गिरफ्तार
सुगौली। स्थानीय थाना की पुलिस ने लंबित वारंटों के निष्पादन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के कुरुमटोला गांव से चार वारंटियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कुरुमटोला में छापेमारी की। इस दौरान प्रमोद साह (पिता- रामचंद्र साह), राजेश साह (पिता- शंभू साह), विपीन साह (पिता- लालबाबू साह) तथा शिवशंकर साह उर्फ मोटेलाल साह (पिता- नगीना साह), सभी निवासी कुरुमटोला, थाना सुगौली, जिला पूर्वी चंपारण को गिरफ्तार किया गया। चारों के विरुद्ध न्यायालय से वारंट जारी था, जिसके आलोक में उन्हें गिरफ्तार किया गया।
बकौल थानाध्यक्ष न्यायालय से जारी वारंटों के निष्पादन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी वारंटी या अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रहे और लोगों में सुरक्षा का विश्वास रहे।

