पूर्वी चम्पारण के सुगौली नगर के कई इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी  

पूर्वी चम्पारण के सुगौली नगर के कई इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी  
Facebook WhatsApp

– सिकरहना नदी में लगातार जलस्तर में वृद्धि से जन जीवन अस्त-व्यस्त

सुगौली। नेपाल के तराई क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब सुगौली नगर एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। सिकरहना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से नगर पंचायत के सरेही क्षेत्र के जरिये वार्ड संख्या 1.12.14 और 18 के साथ-साथ पंचायत क्षेत्र के लाल परसा, भवानीपुर, कैथवलिया समेत कई इलाकों में बाढ़ का खतरा गहरा गया है।

कई स्थानों पर बांधों पर पानी का दबाव बढ़ने से लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। अमीर खां टोला डाक बंगला (वार्ड-12) निचले इलाके में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है, जबकि लाइन सुगौली (वार्ड-18) स्थित रिंग बांध की समय पर मरम्मत नहीं होने से गांव, सड़कों और सरेह में करीब डेढ़ से दो फीट पानी का तेज बहाव जारी है। ग्रामीणों का आरोप है कि हर वर्ष बांध निर्माण और मरम्मत के दावे किए जाते हैं, लेकिन वर्षों से रिंग बांध की अनदेखी की जा रही है। लगातार दो दिनों से पानी गांव में प्रवेश कर रहा है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

बाढ़ के पानी से धान की रोपनी, बिचड़ा और खेत जलमग्न हो गए हैं। किसानों की मेहनत पर पानी फिरने से वे भारी नुकसान की आशंका जता रहे हैं। वहीं वार्ड-14 के धनही स्थित महारानी जानकी कुंवर स्टेडियम पूरी तरह पानी में डूब गया है। विशुनपुरवा (वार्ड-1) में भी चारों ओर पानी फैलने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बाढ़ से पहले बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन राहत और सुरक्षा की व्यवस्था धरातल पर नजर नहीं आती।

इधर जिला प्रशासन का कहना है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन की तैयारियां इस बार बाढ़ के संकट से निपटने में कितनी कारगर साबित होती हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page