संदिग्ध स्थिति में किशोरी की मौत, साक्ष्य छिपाने के लिए शव जलाने का आरोप
पुलिस ने किशोरी के पिता को हिरासत में लिया, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
कोटवा। थाना क्षेत्र के कररिया बैरागी टोला में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शव को कथित रूप से साक्ष्य छिपाने की नीयत से जलाए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
बताया जाता है कि किशोरी की मौत के बाद स्वजन शव को डुमरा पंचायत के अमवा वार्ड संख्या-1 स्थित एक स्थान पर ले गए, जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। स्थानीय लोगों को घटना पर संदेह होने पर इसकी सूचना वरीय पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षक को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की जहा मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
पुलिस ने पूछताछ के लिए किशोरी के पिता को हिरासत में लिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को आनन-फानन में दूसरे स्थान पर ले जाकर जलाने के पीछे क्या कारण था।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है। इस मामले की जांच सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। एफएसएल जांच और पूछताछ के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। बताया गया है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह घटना आत्महत्या लग रहा है, पुलिस अभी जांच कर रही है।

