अज्ञात चोरों ने हनुमान जी की प्रतिमा से चांदी का मुकुट चुराया
रक्सौल। शहर के मेन रोड स्थित आबकारी थाना के समीप हनुमान मंदिर में शनिवार को पूजा के दौरान अज्ञात चोरों ने हनुमान जी की प्रतिमा का चांदी का मुकुट चोरी कर लिया। घटना दिन के करीब साढ़े 11 बजे की बताई जा रही है। मंदिर में चोरी की जानकारी मिलते ही श्रद्धालु और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
मंदिर के पुजारी विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार को मंदिर में श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे थे। वह भी मंदिर परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान करीब 15 मिनट के लिए वह वहां से हटे। कुछ देर बाद जब वापस लौटे तो देखा कि हनुमान जी की प्रतिमा पर लगा चांदी का मुकुट गायब है। इसके बाद मंदिर परिसर में खोजबीन की गई, लेकिन मुकुट का कोई सुराग नहीं मिला।
पुजारी के अनुसार, चुराई गई मुकुट करीब 500 ग्राम की है।घटना की सूचना तत्काल रक्सौल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का जायजा लेते हुए चोरी की घटना की जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगालने के साथ ही मौके परमौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पूजा के दौरान मंदिर में आने-जाने वाले लोगों में से किसी ने मौका पाकर मुकुट चोरी तो नहीं कर ली है।

