नगर निगम अंतर्गत जल जमाव व नालो की सफाई कार्य में तेजी
-महापौर प्रीति कुमारी ने कहा कि लोगों की सुविधा पहली प्राथमिकता
मोतिहारी। नगर निगम मोतिहारी द्वारा बरसात के मौसम को देखते हुए जलनिकासी, नाला सफाई एवं कूड़ा उठाव का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। महापौर प्रीति कुमारी ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को बरसात के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर आयुक्त आशीष कुमार के नेतृत्व में नगर निगम की पूरी टीम जलनिकासी एवं सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए लगातार कार्य कर रही है। छतौनी, चांदमारी, बरियारपुर, मठिया जिरात, जमला रोड, बंजरिया, रघुनाथपुर सहित अन्य जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर एवं मोटर पंप के माध्यम से लगातार पानी की निकासी कराई जा रही है। साथ ही, सफाई कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि नालों की नियमित सफाई एवं कूड़ा उठाव का कार्य बिना किसी बाधा के जारी रखा जाए।
निगम क्षेत्र के लगभग 10 वार्डों में बरसात के दौरान जलनिकासी की समस्या उत्पन्न होती है। इसके स्थायी समाधान के लिए विभिन्य क्षेत्रों में मुख्य नालों के साथ साथ गली मोहल्लों में सड़क एवं नाला निर्माण का कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त विभिन्न गली-मुहल्लों में स्वीकृत सड़क एवं नाला निर्माण योजनाओं का कार्य भी बड़े पैमाने पर शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा।
महापौर प्रीति कुमारी ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि सार्वजनिक नालों से अतिक्रमण हटाकर सभी मुख्य एवं छोटे नालों को आपस में समुचित रूप से जोड़ा जाए, ताकि वर्षा जल की निर्बाध निकासी सुनिश्चित हो सके। इसके लिए नाला निर्माण एवं ड्रेनेज नेटवर्क को सुदृढ़ करने संबंधी योजनाओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जा रहा है।

