फर्जी आधार कार्ड के सहारे भारत में रह रही उज्बेकिस्तानी महिला भारत-नेपाल मैत्री पुल पर गिरफ्तार
रक्सौल।भारत-नेपाल सीमा स्थित मैत्री पुल के समीप नियमित जांच के दौरान एसएसबी ने एक उज्बेकिस्तानी महिला को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में ले लिया। महिला फर्जी आधार कार्ड के सहारे भारतीय नागरिक बनकर भारत में रह रही थी और नेपाल जाने का प्रयास कर रही थी।
जांच के दौरान मोबाइल फोन से उज्बेकिस्तान का पासपोर्ट मिलने के बाद उसकी वास्तविक पहचान सामने आई। हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि एसएसबी ने 16 जुलाई की देर शाम महिला को हिरासत में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए हरैया थाना पुलिस को सौंपा। महिला की पहचान उज्बेकिस्तान निवासी बोजोरोवा शकरजोंन के रूप में हुई है। उसके पासपोर्ट की वैधता अक्टूबर 2029 तक है।
पूछताछ में महिला ने बताया कि वह करीब 15 वर्ष पहले रोजगार के सिलसिले में भारत आई थी। करीब एक वर्ष पूर्व मुंबई के बिल्डर प्रकाश पवनानी के संपर्क में आने के बाद दोनों लिव-इन रिलेशन में रहने लगे। पुलिस के अनुसार, महिला का वीजा करीब सात माह पहले समाप्त हो गया था। इसके बाद भारत में अवैध रूप से रहने के लिए उसके कथित भारतीय मित्र ने दूसरे नाम से उसका फर्जी आधार कार्ड बनवा दिया।
महिला को बताया गया था कि उज्बेकिस्तान जाने के लिए नेपाल के रास्ते जाना आसान होगा। इसी उद्देश्य से वह नेपाल जाने का प्रयास कर रही थी। पुलिस उसके भारत में रहने, फर्जी दस्तावेज बनवाने और संपर्कों की जांच कर रही है। विदेशी नागरिक अधिनियम समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

