सिकरहना नदी के जलस्तर में वृद्धि से सुगौली शहर के वार्ड संख्या 1 नयका टोला में बाढ़ का पानी घुसा
-लोगों में भय का माहौल
सुगौली। नेपाल के जल अधिकरण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि जारी है। आलम है कि जलस्तर के कारण शनिवार को सिकरहना नदी का पानी नगर परिषद के वार्ड संख्या-1 स्थित नायका टोला में प्रवेश कर गया। पानी सड़क और खेतों तक फैलने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
नयका टोला मार्ग पर लगभग दो फीट पानी बहने के कारण आवागमन बाधित हो गया है। स्थानीय लोगों को घरों से बाहर निकलने, दैनिक उपयोग की सामग्री लाने तथा बच्चों के आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सिकरहना नदी के दक्षिण दिशा में निर्माणाधीन तटबंध पर सुलिस गेट के लिए छोड़े गए स्थल से भी तेज गति से पानी विशुनपुरवा सरेह की ओर प्रवेश कर रहा है। बौधी माई और नासी के समीप भी पानी का तेज बहाव देखा गया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ की आशंका गहरा गई है।
उपमुख्य पार्षद पति एवं भाजपा नेता विकास शर्मा ने बताया कि नदी का पानी नायका टोला सरेह और आसपास के खेतों में फैल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जलस्तर में और वृद्धि हुई तो किसानों की फसल को भारी नुकसान हो सकता है। इसको लेकर ग्रामीणों और किसानों में चिंता का माहौल है।
स्थिति का जायजा लेने के लिए सदर एसडीओ अरुण कुमार स्थानीय अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सिकरहना तटबंध, लालपरसा धूमनी टोला बांध तथा नायका टोला क्षेत्र का निरीक्षण कर जलस्तर की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।अंचलाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। जहां-जहां तटबंध या अन्य स्थानों पर क्षति हुई है, वहां मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। पूरे क्षेत्र पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।

