दलहन खेती को बढ़ावा देने के लिए क़ृषि विभाग किसानों को दे रही है मुफ्त में अरहर बीज
कृषि समन्वयक व किसान सलाहकार चयनित किसानों को उपलब्ध करा रहे बीज
हरसिद्धि। प्रखंड क्षेत्र में किसानों को दलहन खेती के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग की ओर से विशेष पहल की जा रही है। इसी कड़ी में गायघाट स्थित बीआरबीएन डीलर शिव शक्ति खाद बीज भंडार के माध्यम से किसानों को खेतो के मेड पर अरहर बीज लगाने के लिए मुफ्त बीज का वितरण किया जा रहा है।
यह वितरण ‘मेड पर अरहर बीज प्रत्यक्षण योजना’ के तहत किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य खेत की मेड़ो का उपयोग कर अतिरिक्त उत्पादन बढ़ाना और दलहन की खेती को बढ़ावा देना है। बीज वितरण कार्यक्रम एटीएम अंकित निराला, ठाकुर जयराम सिंह एवं किसान सलाहकार संतोष सिंह की देखरेख में संपन्न हो रहा है।
अधिकारियों द्वारा चयनित किसानों को योजना का लाभ दिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक किसान इस पहल से जुड़ सकें और आधुनिक कृषि पद्धति को अपनाएं। प्रखंड कृषि पदाधिकारी राघव प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि हरसिद्धि प्रखंड में कुल 74 किलोग्राम अरहर बीज उपलब्ध कराया गया है। यह बीज पूरी तरह नि:शुल्क किसानों के बीच वितरित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बीज के साथ-साथ किसानों को आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे फसल की बेहतर देखभाल हो सके और उत्पादन में वृद्धि हो। इस योजना से किसानों में उत्साह देखा जा रहा है। अहिरगांवा गांव के किसान राहुल तिवारी ने कहा कि सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है। इस तरह की योजनाएं खेती को लाभदायक बनाने में सहायक सिद्ध होंगी। कृषि विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे किसानों की आय बढ़ेगी और खेती के प्रति उनका रुझान और मजबूत होगा।

