राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेलघाट,चिरैया का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
-शिक्षक की भूमिका में जिलाधिकारी बच्चों को पढ़ाया पाठ
मोतिहारी। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात एवं सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा के साथ चिरैया अंचल स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बेलघाट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान छात्र एवं शिक्षकों की उपस्थिति की जांच की गई। विद्यालय प्रांगण सहित रसोई घर की साफ सफाई देखी गई। विद्यालय में मध्यान भोजन की स्थिति का अवलोकन किया एवं रसोइयों से उसकी गुणवत्ता के संबंध पूछताछ की।
विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित थे एवं बच्चों की उपस्थिति भी अच्छी पाई गई। निरीक्षण के पश्चात जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने वर्ग संचालन की व्यवस्था देखी। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने खुद बच्चों से इंटरेक्ट किया एवं क्लास में चल रही पढ़ाई की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों से कुछ प्रश्न किया, जिसका बच्चों ने सटीक जवाब दिया।
इससे प्रभावित होकर जिलाधिकारी ने बच्चों को खुद पाठ पढ़ाया एवं उनको शुभकामनाएं दी। जिलाधिकारी ने बच्चो से कहा कि आप सभी के गार्जियन आपके लिए परिश्रम कर रहे हैं। आपका फर्ज है कि आप भी अच्छे से पढ़ाई कर उन्हें भी खुश होने का अवसर प्रदान करें। जिलाधिकारी ने यहां पर शिक्षकों से भी कहा कि मेडिकल की परीक्षा नीट का रिजल्ट आया है। जिला से बहुत सारे होनहार बच्चे क्वालीफाई किए हैं, समाचार पत्रों के माध्यम से पता चला। मैं उन सभी बच्चों को शुभकामनाएं देता हूं जिन्होंने इस कठिन परिक्षा में सफलता पाई है।
विद्यालय के शिक्षकगण से जिलाधिकारी ने कहा कि अपने को बच्चों का अभिभावक माने एवं इस दृष्टि से बच्चों को अच्छे से शिक्षा दें। सरकार के द्वारा भी शिक्षा प्रबंधन के लिए लगातार कार्य किये जा रहे हैं। इसमें आपकी भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण है।

