20 दिन की भूख हड़ताल के बाद सोनम वांगचुक को उठा ले गई दिल्ली पुलिस, अस्पताल पहुंचाया; जंतर-मंतर पर हलचल
नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 20 दिनो से जंतर-मंतर पर अनशन पर बैठे प्रख्यात पर्यावरणविद जलवायु कार्यकर्ता एवं शिक्षाविद सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने हाई कोर्ट के आदेश के बाद जंतर-मंतर से उठा लिया और अस्पताल में भर्ती कराया।
बताया जा रहा है,कि उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति के मद्देनजर शनिवार तड़के जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।पुलिस के मुताबिक हाई कोर्ट के आदेश का पालन करते समय कुछ प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया, जिससे कुछ देर के लिए हल्का हंगामा हुआ।
हालांकि पुलिस ने अधिकतम संयम बरतते हुए पूरी कार्रवाई सुरक्षित ढंग से पूरी की। पुलिस ने जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से भी जल्द से जल्द शांतिपूर्वक धरनास्थल खाली करने की अपील की।गौरतलब है कि सोनम वांगचुक 28 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर थे। शुक्रवार को जारी मेडिकल बुलेटिन में उनका करीब नौ किलोग्राम वजन घटकर 56.55 किलोग्राम रहने की जानकारी दी गई थी।
चिकित्सकों ने लंबे उपवास के कारण उनकी बिगड़ती स्थिति पर चिंता जताई थी।दिल्ली हाई कोर्ट ने सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में शनिवार तड़के पुलिस उन्हें जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उनका इलाज जारी है।

