मुजफ्फरपुर में नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, रिसाव से सात छात्र बेहोश,5 की हालत गंभीर

मुजफ्फरपुर में नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, रिसाव से सात छात्र बेहोश,5 की हालत गंभीर
Facebook WhatsApp

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी प्रखंड स्थित रोहुआ हाई स्कूल के समीप शुक्रवार को नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से गैस का रिसाव शुरू हो गया।तेज आवाज के साथ हुए इस हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और गैस के प्रभाव से पांच छात्र बेहोश हो गए। सभी छात्रों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल के सामने नाला निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी मशीन की खुदाई में गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन कटते ही तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और कुछ ही देर में आसपास के क्षेत्र में गैस का घना गुबार फैल गया। घटना के समय विद्यालय में नियमित रूप से कक्षाएं संचालित हो रही थीं, जिससे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के बीच दहशत फैल गई।

रोहुआ हाई स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक स्वामी सुधन ने बताया कि गैस रिसाव के बाद तत्काल विद्यार्थियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। इस दौरान गैस के प्रभाव से पांच छात्र अचेत हो गए। इनमें तीन छात्र नौवीं कक्षा के, एक छात्र दसवीं कक्षा का तथा एक अन्य छात्र शामिल है। उन्होंने बताया कि सभी छात्रों की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें एसकेएमसीएच भेजा गया है।

स्कूल प्रशासन, स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से सभी प्रभावित छात्रों को पहले मुशहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज और निगरानी के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया।

निर्माण कार्य के सुपरवाइजर अजीत कुमार ने बताया कि नाला निर्माण का कार्य गुरुवार से चल रहा था। उनके अनुसार, गुरुवार को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की टीम ने खुदाई का कार्य रुकवा दिया था और शुक्रवार को अपनी मौजूदगी में निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया था। शुक्रवार को आईओसीएल की टीम मौके पर मौजूद थी और उसका एक कर्मचारी भी खुदाई की निगरानी कर रहा था।

उन्होंने बताया कि संबंधित कर्मचारी ने गैस पाइपलाइन के रूट की जानकारी दी थी। हालांकि, खुदाई के दौरान पाइपलाइन रूट मार्कर से पहले ही मिल गई और जेसीबी मशीन की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया।घटना की सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसियों, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। गैस रिसाव को नियंत्रित करने और क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया गया था या नहीं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page