भारत विकास परिषद ने “चलें गांव की ओर” अभियान की धानरोपनी के साथ किया शुभारंभ
रक्सौल। समाज सेवा को गांव की चौपाल तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद, शाखा–रक्सौल द्वारा प्रारंभ “चलें गांव की ओर” अभियान का शुभारंभ गुरुवार को कनना ग्राम पंचायत स्थित किसान अनिरुद्ध सिंह के खेत में धान की रोपाई के साथ किया गया।
इस अवसर पर परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने किसानों के साथ खेत में उतरकर धान की रोपाई की तथा उनके श्रम, समर्पण और राष्ट्र निर्माण में योगदान को नमन करते हुए अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। परिषद की ओर से सभी किसानों को जलपान के लिए अंकुरित चना, मूंग एवं गुड़ भी वितरित किए गये। उक्त अवसर पर पंचायत के मुखिया जफीर अहमद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। जबकि अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने की, वहीं संचालन विजय कुमार साह ने किया।
श्री प्रियदर्शी ने कहा कि परिषद का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, संस्कार, सहयोग और समर्पण की भावना पहुंचाना है। भारत की आत्मा गांवों में बसती है और गांवों के सर्वांगीण विकास से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।

“चलें गांव की ओर” अभियान के माध्यम से परिषद ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र भावना को सुदृढ़ करने वाले कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करेगी। पर्यावरण संयोजक विजय कुमार साह ने कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि प्रकृति के वास्तविक संरक्षक भी हैं।
मुखिया जफीर अहमद को परिषद की ओर से अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों का गांवों की ओर बढ़ना समय की आवश्यकता है। किसान अनिरुद्ध सिंह ने परिषद के प्रति आभार व्यक्त किया।
परिषद के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने कहा कि परिषद की पहचान केवल आयोजनों से नहीं, बल्कि समाज के बीच जाकर किए जाने वाले सेवा कार्यों से बनती है। उन्होंने कहा कि “चलें गाँव की ओर” अभियान परिषद की सेवा यात्रा का एक महत्वपूर्ण अध्याय है, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जाएंगे।
इस अवसर पर सुनील कुमार, अजय कुमार, प्रशांत कुमार, उमेश सिकारिया, सुनील कुमार, बिमल कुमार सर्राफ, विजय कुमार साह, अजय कुमार, प्रशांत कुमार, दिनेश प्रसाद, विनोद कुमार, अशोक कुमार तथा किसान अनिरुद्ध सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

