बंजरिया लाइट आरओबी निर्माण को मिली एनओसी, सांसद मोतिहारी ने किया स्थल निरीक्षण
पूर्वी चंपारण। जिले के बंजरिया स्थित बापूधाम मोतिहारी स्टेशन के उत्तर रेलवे क्रॉसिंग संख्या-161 (स्पेशल) पर प्रस्तावित लाइट रोड ओवर ब्रिज (लाइट आरओबी) निर्माण का मार्ग अब पूरी तरह प्रशस्त हो गया है। पथ निर्माण विभाग, बिहार के मुख्य अभियंता (उत्तर) कार्यालय द्वारा परियोजना के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी कर दिया गया है।
मुख्य अभियंता (उत्तर) द्वारा 9 जुलाई 2026 को जारी पत्र के अनुसार, बापूधाम मोतिहारी–सेमरा रेलखंड के किलोमीटर 166/6-7 पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या-161 पर रेलवे द्वारा स्वीकृत जनरल अरेंजमेंट ड्राइंग के आधार पर लाइट आरओबी निर्माण के लिए एनओसी प्रदान की गई है। विभाग ने निर्माण कार्य के दौरान सभी निर्धारित शर्तों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया है।
गुरुवार को सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने प्रस्तावित लाइट आरओबी स्थल का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि बापूधाम मोतिहारी स्टेशन के उत्तर क्रॉसिंग नंबर-161, जो मुंशी सिंह कॉलेज के दूसरे गेट के ठीक सामने स्थित है, वहां रेलवे ने लाइट आरओबी बनाने की स्वीकृति बहुत पहले ही दे दी थी, लेकिन बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ था। लगभग 20 दिन पहले बिहार सरकार ने अनापत्ति प्रमाणपत्र देने का निर्णय लिया था, जो आज प्राप्त हो गया है।
अब वहां लाइट आरओबी का कार्य प्रारंभ हो गया है और लगभग छह महीने के भीतर इसका निर्माण पूरा हो जाएगा।”उन्होंने कहा कि इस लाइट आरओबी के निर्माण से हजारों विद्यार्थियों एवं शहर की बड़ी आबादी को वर्षों से जाम की समस्या से जूझना पड़ता था, उससे स्थायी राहत मिलेगी। लोगों का आवागमन सुरक्षित, सुगम और निर्बाध होगा।

