विवादित वीडियो पर पंजाब के सीएम भगवंत मान का दावा- मास्क पहनकर बनाया गया फर्जी वीडियो
-मुख्यमंत्री ने जगमन समरा का हाथ में मास्क लिए वीडियो किया जारी
-बोले अकाली दल, कांग्रेस व भाजपा ने मिलकर रची साजिश
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विवादित वीडियो के संबंध मेंन दावा किया है कि एक साजिश के तहत किसी व्यक्ति को मास्क पहनाकर यह वीडियो शूट किया गया है। इस साजिश में कनाडा निवासी जगमन समरा की भूमिका अहम है। गुरुवार को पंजाब के मोहाली में भगवंत मान ने इस संबंध में डिजिटल सबूत पेश करते हुए दावा किया कि यह वीडियो भी अकाल तख्त साहिब को जांच के लिए भेजा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें वह होटल के कमरे में शराब के नशे में गुरु साहिबानों की फोटो के साथ कथित तौर पर अभद्रता करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो की एफएसएल जांच के आधार पर अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने भगवंत मान तथा उनकी कैबिनेट में शामिल सिख मंत्री तथा विधायकों को 29 जून को तलब किया है।
इस बीच पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने वायरल वीडियो की अकाल तख्त साहिब द्वारा जारी रिपोर्ट को झूठा करार देने वाली एक और लैब रिपोर्ट जारी की थी। जिसके बाद हरियाणा के गुरुग्राम की पुलिस ने दो व्यक्तियों को फर्जी लैब रिपोर्ट तैयार करने के आरोप में गिरफ्तार कर रखा है।

इस बीच भगवंत मान ने आज एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि जो व्यक्ति वीडियो में दिखा गया है वह उनकी शक्ल का मास्क पहने कोई बहरूपिया है।वीnडियो में दिख रहे व्यक्ति के गले पर निशान नही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका ऑपरेशन के कारण गले पर निशान है। वीडियो वाले व्यक्ति के गले पर किसी तरह का निशान नहीं है। वीडियो में दिखाया गया कि व्यक्ति ने मास्क पहना हुआ है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनके यह वीडियो जारी करने वाले कनाडा में रहने वाले जगमन समरा का एक वीडियो जारी किया जिसमें वह मुख्यमंत्री की शक्ल से मिलता जुलता मास्क अपने हाथ में पहने हुए है। समरा कार में बैठकर वह मास्क दिखाता है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जगमन समरा ने यह मास्क बनवाकर एक ही दिन में वीडियो को शूट किया।
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह 2016 के बाद कभी भी कनाडा नहीं गए हैं। समरा उन्हें पंजाब पीपुल्स पार्टी में रहते हुए मिला था। वह मूल रूप से पंजाब के संगरूर जिला का रहने वाला है तथा यहां से भगौड़ा हुआ था। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस वीडियो को अकाल तख्त साहिब को भेजेंगे जिसमें समरा उनकी शक्ल का मास्क हाथ में लिए हुए है। इस वीडियो की भी जांच करवानी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि उनके वायरल वीडियो में होटल का कमरा दिखाई दे रहा है। होटल के कमरे में गुरू साहिबानों की तस्वीरें नहीं होती है। यह वीडियो पूरी तरह से फेक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साजिश में अकाली दल, कांग्रेस तथा भाजपा आपस में मिल गए हैं। तीनों ने मिलकर उनके विरूद्ध फ्रंट बना लिया है। भगवंत मान ने कहा कि उन्हें पंजाब की जनता पर पूरा भरोसा है। पंजाब की जनता उनके साथ है।

