मुख्यमंत्री ने किसान जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर खरीफ महाभियान-2026 का किया शुभारंभ
पटना। बिहार सरकार ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं और वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से शारदीय (खरीफ) महाभियान-2026 की शुरुआत कर दी है।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास 01 अणे मार्ग से किसान जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर इस राज्यव्यापी अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर खरीफ मौसम से संबंधित दो विशेष कृषि ज्ञान वाहनों सहित राज्य के सभी जिलों के लिए तैयार किसान जागरूकता वाहनों को रवाना किया गया।
खरीफ महाभियान-2026 का उद्देश्य किसानों तक उन्नत कृषि तकनीकों, आधुनिक खेती की पद्धतियों और कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है। अभियान के तहत जागरूकता वाहन गांव-गांव जाकर किसानों को सरकारी योजनाओं, कृषि अनुदान, उन्नत बीजों और खेती से जुड़ी नवीनतम तकनीकों की जानकारी देंगे।
कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान में किसानों को खरीफ मौसम के दौरान संचालित विभिन्न योजनाओं, अनुदानित दर पर उपलब्ध कृषि उपादानों और आधुनिक कृषि संसाधनों के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे, फार्मर रजिस्ट्री, कृषि यंत्रीकरण, ड्रोन तकनीक और आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।अभियान के माध्यम से किसानों को उनकी आय बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्राकृतिक खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग, जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और कृषि विस्तार सेवाओं से जुड़ी जानकारियां भी किसानों तक पहुंचाई जाएंगी। इसके अलावा फसल अवशेष प्रबंधन, खेत बचाओ अभियान तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विशेष जोर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि कृषि बिहार की अर्थव्यवस्था की आधारशिला है और किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। कृषि क्षेत्र में तकनीक और नवाचार के समावेश से उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ किसानों की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि किसान जागरूकता वाहन ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर किसानों को नवीनतम कृषि जानकारी उपलब्ध कराएंगे और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आधुनिक तकनीकों के प्रयोग और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देकर कृषि को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। इसके लिए किसानों को समय-समय पर प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराना आवश्यक है।कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खरीफ महाभियान-2026 के दौरान राज्यभर में किसान चौपाल, प्रशिक्षण शिविर, तकनीकी परामर्श कार्यक्रम और जागरूकता अभियान भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों द्वारा किसानों को फसल प्रबंधन, रोग नियंत्रण, उन्नत बीज चयन और बेहतर उत्पादन तकनीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
सरकार को उम्मीद है कि इस व्यापक अभियान से किसानों में आधुनिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और राज्य के किसानों की आय में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।

