तुरकौलिया के दो दुकानों में छापेमारी,भारी मात्रा में नकली ट्यूब बरामद
मोतिहारी। तुरकौलिया बाजार में नकली टायर-ट्यूब के कारोबार का खुलासा हुआ है। सिएट कम्पनी के अधिकृत अधिकारी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो दुकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में बाइक के नकली ट्यूब बरामद किए गए हैं। इस मामले में कम्पनी के अधिकारी के आवेदन पर तुरकौलिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
कम्पनी के अधिकृत अधिकारी धीरज शुक्ला, जो मुजफ्फरपुर जिले के पारु के निवासी हैं, को गुप्त सूचना मिली थी कि तुरकौलिया बाजार में कम्पनी के नाम पर नकली टायर और ट्यूब बेचें जा रहे हैं।
उन्होंने तुरकौलिया पुलिस के साथ संयुक्त रूप से बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के समीप दो दुकानों सत्यम मोटर्स और शर्मा मोटर साइकिल नामक दुकान में छापेमारी कराई।
नतीजतन बड़ी संख्या में सिएट कम्पनी के नाम पर बेचें जा रहे नकली ट्यूब बरामद किए गए। इसके बाद कार्रवाई करते हुए सत्यम मोटर्स के संचालक बच्चा सिंह और शर्मा मोटर सायकल के संचालक मोहदी शर्मा को मामले में नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
कम्पनी के अधिकारी धीरज शुक्ला ने बताया कि नकली उत्पाद बेचकर कम्पनी की साख को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ कम्पनी लगातार सख्त कदम उठा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

