मधुबन में चाकू गोदकर किशोर की हत्या,तीन हिरासत में
-प्रेम संबंध में हत्या की आशंका , सभी बिंदुओं पर पुलिस की जांच जारी
मोतिहारी। मधुबन थाना क्षेत्र के गुलाब खां गांव में एक किशोर की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने के मामले से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। ग्रामीण क्षेत्र में लोग इस हत्या कांड को लेकर कई चर्चाएं कर रहे है ,जबकि माना जा रहा है कि इस हत्या के पीछे प्रेम संबंध अहम कारण हो सकता है।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।वही हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया। हत्या कांड को लेकर स्थानीय स्तर ओर लोगों के बीच दबे जुबान कहा जा रहा है कि मृतक का गांव की एक लड़की से प्रेम संबंध चल रहा था।
इस मामले में रात में बहस भी हुई थी,बाद में हत्या किए जाने की खबर परिजनों तक पहुंची।मृतक गुलाब खां गांव निवासी पप्पू खां का पुत्र था। घटना बुधवार की देर रात की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थानाध्यक्ष प्रवीण पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दिये। घटना को लेकर एसपी स्वर्ण प्रभात ने एसडीपीओ पकड़ीदयाल के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
जिनके निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू को भी बरामद कर लिया गया है। वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। थानाध्यक्ष प्रवीण पांडेय के मुताबिक उस हत्या कांड के सभी बिंदुओं पर सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछाछ किया जा रहा है और टेक्निकल सेल एवं एफएसएल की भी मदद ली जा रही है , जल्द ही घटना में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

