डीएम ने 220 से अधिक विभिन्न संवर्ग कर्मियों का स्थानांतरण किया,18 जून तक पदभार के आदेश
मोतिहारी। जनसेवा की गुणवत्ता में सुधार एवं प्रशासनिक दक्षता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने समाहरणालय संवर्ग के विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों का स्थानान्तरण किया है। डीएम के जारी आदेश अंतर्गत डाटा इंट्री ऑपरेटर (सीएलआर) के 23 कर्मियों, डाटा इंट्री ऑपरेटर (एमआरआर) के 49 कर्मियों, आईटी सहायक (आरटीपीएस) के 28 कर्मियों, कार्यपालक सहायक/डाटा इंट्री ऑपरेटर (आरटीपीएस) के 93 कर्मियों तथा कार्यपालक सहायक/डाटा इंट्री ऑपरेटर (लोक शिकायत निवारण केन्द्र के 27 कर्मियों को जिले के विभिन्न अंचल कार्यालयों, अनुमंडल कार्यालयों एवं जिला स्तरीय कार्यालयों में स्थानांतरित किया गया है। इस प्रकार कुल 220 से अधिक कर्मियों का स्थानान्तरण किया गया है।
यह स्थानान्तरण से भूमि अभिलेख, राजस्व सेवाओं, आरटीपीएस के अंतर्गत प्रमाण-पत्र निर्गमन तथा लोक शिकायत निवारण जैसी जन-उपयोगी सेवाओं में लगे कर्मियों की लम्बे समय से एक ही स्थान पर पदस्थापना को समाप्त कर उन्हें नए कार्यालयों में तैनात किया जा रहा है। वहीं सभी स्थानान्तरित कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि वे 18 जून 2026 तक अपने वर्तमान कार्यालय का समस्त प्रभार विधिवत् हस्तांतरित कर नए पदस्थापन स्थल पर अनिवार्य रूप से योगदान दें। निर्धारित तिथि तक योगदान नहीं देने की स्थिति में संबंधित कर्मी को स्वतः विरमित माना जाएगा एवं नियमानुसार कठोर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानान्तरित कर्मियों के जुलाई 2026 के वेतन एवं अन्य देयकों का भुगतान उनके नए पदस्थापन कार्यालय द्वारा किया जाएगा। इस आदेश के पूर्व जारी सभी प्रतिनियुक्तियां तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया गया है। सभी कार्यालय प्रधान को प्रभार आदान प्रदान का अनुश्रवण कर यथाशीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करवाने के लिए निदेशित किया गया है।

