वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने एक – एक थाने को लिया गोद, एसपी के जिम्मे टाऊन थाना
– कांड निष्पादन में तेजी सहित आधारभूत सुविधाओं को बेहतर करने को लेकर पहल
-थानों के मेस होंगे एक्टिव, जहां बैचलर पुलिस कर्मी को मिलेगा गुणवत्तापूर्ण भोजन
मोतिहारी। थाने में लंबित कांड के निष्पादन में तेजी लाने, अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई सहित आधारभूत सुविधाओं को नियमित एवं बेहतर करने को लेकर राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश के आलोक में एक बेहतर पहल जिले में शुरू की जा रही है। इसके तहत वरीय पुलिस पदाधिकारी थानों को गोद ले रहे है । इस दौरान थानों के सभी स्तर के कार्यों में बेहतर गुणवत्ता की जिम्मेवारी उक्त पुलिस पदाधिकारी की होगी। जिसका लगातार उनके द्वारा समीक्षा भी किया जाएगा।
इस कड़ी में पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात में नगर थाने को गोद लिया है, जहां जिले में सबसे अधिक 1615 मामले लंबित है। लंबित मामलों में दूसरे नंबर पर मुफसिल थाना में 1085 और तीसरे नंबर पर हरसिद्धि थाना है जहां 1044 मामले लंबित है, मुफ्फसिल डीएसपी सदर 2 और हरसिद्धि की जिम्मेवारी अरेराज डीएसपी को दी गई है। इसके अलावे संग्रामपुर थाना 777 मामले अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय, तुरकौलिया थाना 890 मामले डीएसपी सदर वन, ढाका थाना 877 मामले डीएसपीपी सिकरहना, पहाड़पुर थाना 851 मामले डीएसपी पकड़ीदयाल, चकिया थाना 816 मामले डीएसपी चकिया , रक्सौल थाना 763 मामले डीएसपी रक्सौल , बंजरिया थाना 716 मामले डीएसपी रिजर्व , सुगौली थाना 760 मामले डीसीपी ट्रैफिक एवं केसरिया थाना जहा 761 मामले लंबित हैं उसे साइबर डीएसपी गोद लिए हैं।
एसपी श्री प्रभात ने बताया है कि हर थाने में मेस संचालित करने का निर्देश दिया गया। बताया गया है कि सभी पुलिस कर्मी मेस में खाना खाएंगे (परिवार के साथ रहने वालो को छोड़कर) तो समय से गुणवत्ता पूर्ण और पौष्टिक भोजन मिलने से कर्मियों को लाभ होगा। वही खुद से खाना बनाने में लगने वाले समय की बचत होगी। लिहाजा ड्यूटी में विलंब से आने की शिकायतों में काफी कमी आएगी।

