प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु होने की मंगल कामना के लिए हवन पूजन
रक्सौल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। इस अभूतपूर्व और ऐतिहासिक अवसर के मद्देनजर रक्सौल में भी भारी उत्साह और जश्न का माहौल देखा गया।
वहीं रक्सौल विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक व पौराणिक श्री राम जानकी मंदिर, वंशीवट गम्हरिया में एक भव्य धार्मिक अनुष्ठान और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। जहां भाजपा विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा उपस्थित थे। विधायक श्री सिन्हा की अगुवाई में मंदिर परिसर में विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाबा भोलेनाथ का विशेष रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय श्री राम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
पूजा के दौरान मुख्य रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, यशस्वी जीवन और दीर्घायु होने की मंगल कामना की गई। विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि आज का दिन हर भारतीय और भाजपा कार्यकर्ता के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार देश की नि:स्वार्थ सेवा कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह रिकॉर्ड उनके प्रति देश की जनता के अटूट विश्वास को दर्शाता है। आज वंशीवट गम्हरिया मंदिर में हम सबने बाबा भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर उनके दीर्घायु होने की प्रार्थना की है।
वहीं भाजपा जिला महामंत्री अजय पटेल ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री का यह ऐतिहासिक कार्यकाल देश के पुनर्निर्माण और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। इस धार्मिक उत्सव में क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा और जिला महामंत्री अजय पटेल के साथ मुख्य रूप से मंडल अध्यक्ष रिंकू पांडे, मंडल महामंत्री सुमन सिंह, वरिष्ठ नेता हरे राम शाह, भोला शाह, चिरंजीवी शाह समेत भारी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित थे।

