लटकते नंगे तार की चपेट में आने से 12 वर्षीय बच्ची की मौत
बनकटवा। जितना थाना क्षेत्र में किसान की कथित लापरवाही से एक 12 वर्षीय बच्ची की बिजली स्पर्शघात से मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। मृतका की पहचान बिजबनी गांव निवासी अनिल कुमार की पुत्री नेहा कुमारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार नेहा अन्य दिनों की तरह गांव से दक्षिण सरेह में जगीरहा और भतलहिया गांव के बीच रेलवे लाइन के किनारे बकरी चराने गई थी। इसी दौरान धान के बिचड़े की पटवन के लिए बिछाए गए बिजली के तार के संपर्क में आ गई। तार एक स्थान पर नंगा था, जिससे उसे करंट लग गया। तत्पश्चात परिजन गंभीर हालत में बच्ची को लेकर घोड़ासहन अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच में उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं परिजनों और ग्रामीणों ने घटनास्थल पर शव रखकर प्रदर्शन किया। लोगों ने इस हादसे के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। विद्युत विभाग के एसडीओ आलोक कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह बिजली विभाग की लापरवाही नहीं है। जांच में पता चला है कि कई किसान नेपाल से सस्ते दामों पर तार खरीदकर खेतों तक बिजली पहुंचाकर मोटर चलाते हैं। ऐसे ही किसी निजी तार के कारण यह हादसा हुआ है। जितना थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है।

