कंटेनर ट्रक ने ट्रेलर ट्रक को मारी टक्कर, दो घायल
पीपराकोठी। मुख्य चौराहे पर ओवर ब्रिज के नीचे रविवार को एक कंटेनर ट्रक ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ट्रेलर ट्रक को टक्कर मार दी। इस हादसे में कंटेनर ट्रक के चालक और उपचालक घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेलर ट्रक (बीआर03 जीबी/ 8299) राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़ा था। इसी दौरान कोटवा की ओर से आ रहे कंटेनर ट्रक (एचआर 38 एई/ 0376) ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए ट्रेलर में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर ट्रक के चालक और उप चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एनएच एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए मोतिहारी भेजा गया। थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

