सांसद ने पूर्वी चंपारण जिला तलवारबाजी प्रतियोगिता का उद्घाटन किया

सांसद ने पूर्वी चंपारण जिला तलवारबाजी प्रतियोगिता का उद्घाटन किया
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने खेल भवन में ईस्ट चंपारण फेंसिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फेंसिंग चैंपियनशिप 2026-27 का उद्घाटन किया।

उक्त अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि तलवारबाजी केवल एक खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, साहस, त्वरित निर्णय क्षमता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। यह खेल खिलाड़ियों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी सशक्त बनाता है। आज के युवा यदि खेलों से जुड़ते हैं तो वे न केवल अपने व्यक्तित्व का विकास करते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए भी प्रेरणा बनते हैं।

पूर्वी चम्पारण के तीन खिलाड़ी शिवम कुमार, रवि कुमार यादव एवं केशर राज ने एशियन चैंपियनशिप एवं वर्ल्ड चैंपियनशिप में भाग लेकर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। मोतिहारी की केशर राज ने दिसम्बर- 2025 में महाराष्ट्र में आयोजित राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में अंडर -17 आयुवर्ग में रजत पदक हासिल किया। फरवरी- 2026 में खिलाड़ी रवि कुमार यादव ने मणिपुर में आयोजित राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में अंडर -19 आयुवर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।

हरसिद्धि के शिवम कुमार ने नेशनल गेम्स उत्तराखण्ड में कांस्य पदक हासिल कर मेडल लाओ नौकरी पाओ योजना के तहत बिहार सरकार में नौकरी पाई। जिला के दो तलवारबाजी खिलाड़ी रवि कुमार यादव एवं केशर राज को खेलो इण्डिया स्कीम के तहत आवासीय प्रशिक्षण के लिए आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट, पुणे के लिए चयनित किया गया है।दो खिलाड़ी अमूल परासर एवं आदित्य रंजन बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के माध्यम से गुजरात के विजयी भारत स्पोर्ट्स एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

जिला के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने तलवारबाजी खेल में दो दर्जन से अधिक राष्ट्रीय पदक हासिल किया है। एथलेटिक्स खेल में सीनियर आयुवर्ग में 400 मीटर की दौड़ में पूर्वी चम्पारण के सेतु मिश्रा ने बेहतर प्रदर्शन किया। जिसके आधार पर उनका चयन एशियन रिले चैंपियनशिप एवं एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

वही कबड्डी खेल में पूर्वी चम्पारण के आदित्य कुमार ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व किया है।श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों के विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। खेलो इंडिया अभियान के माध्यम से देश के गांव-गांव और छोटे शहरों के खिलाड़ियों को अवसर, प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

आज भारत के खिलाड़ी विश्व स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और इसमें ऐसे ही खेल आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण है आपका प्रयास, समर्पण और खेल भावना। पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खेलिए, अपने प्रतिद्वंद्वी का सम्मान कीजिए और अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का प्रयास कीजिए। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पवन राज, डिप्टी मेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद, पार्षद प्रतिनिधि रोचक झा सहित अन्य लोग मौजूद थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page