ससुराल से जेवर लेकर फरार नवविवाहिता मोतिहारी स्टेशन से बरामद
कल्याणपुर। थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव से चार दिन पूर्व घर में रखे जेवरात और नकदी लेकर फरार हुई नवविवाहिता को पुलिस ने मोतिहारी रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने महिला को न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव निवासी सुनील भगत ने स्थानीय थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनकी बहू अर्चना कुमारी घर में रखे सोना-चांदी के आभूषण एवं नकदी रुपये लेकर किसी के साथ फरार हो गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की थी।
इधर अर्चना कुमारी के पिता बिंदा कुशवाहा जो चिरैया थाना क्षेत्र के सरौगढ़ गांव के निवासी हैं। पिता ने भी थाने में आवेदन देकर आशंका जताई थी कि उनकी पुत्री के साथ मारपीट कर उसकी हत्या की जा सकती है। दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। थानाध्यक्ष विनीत कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मोतिहारी रेलवे स्टेशन से अर्चना कुमारी को बरामद कर लिया।
महिला के पास से सोने जैसा एक मंगलसूत्र, एक नेपाली मंगलसूत्र, मांगटीका, नाक की नथिया, छोटा मंगलसूत्र, ढोलना, अंगूठी, नथुनी, कान की बाली, पायल, बिछिया, हाथ का हथशंकर, कमरबंद तथा पांच हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामद सभी सामानों को अपने कब्जे में ले लिया है।
वहीं मामले की आगे की जांच जारी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार महिला को न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने के लिए मोतिहारी भेज दिया गया है। महिला के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

