आम को लेकर पीएसआई और दुकानदार का विवाद डीएसपी ने सुलझाया
-दुकानदार को समझाया, सब इंस्पेक्टर को भी दी नसीहत
मोतिहारी/हरसिद्धि। थाना क्षेत्र में पुलिस और फल दुकानदार के बीच विवाद का वायरल वीडियो वाला मामला अब थम गया है। वरीय पदाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद यह तूल पकड़ता मामला अब सुलझा लिया गया है। एसपी ने इस मामले की जांच डीएसपी को दी थी। ऐसे में डीएसपी अरेराज रवि कुमार ने कहा कि फल खरीददारी के बाद फल सड़ा हुआ निकल गया , जिसका पैसा लौटाने को लेकर विवाद हुआ था।
अब दोनों पक्ष इस मामले को यही समाप्त कर देना चाह रहे है। ऐसे ने इस घटना का अब पटाक्षेप हो गया है। बताते है कि 2 जून को हरसिद्धि थाना के पीएसआई प्रीतम कुमार ने एक फल दुकानदार से 750 ग्राम आम खरीदे थे। इसके लिए उन्होंने पे-फोन के माध्यम से दो बार में 130 रुपये का भुगतान किया था। बाद में आम काटने पर वह अंदर से सड़ा हुआ निकला। 3 जून को सड़े आम का पैसे वापसी मांगने को लेकर विवाद हो गया और इसका वीडियो सोशल प्लेटफार्म पर तेजी से वायरल होने लगा। पीएसआई प्रीतम कुमार और फल दुकानदार चंद्रिका प्रसाद एवं उसका पुत्र रुपेश कुमार से पैसे वापसी को लेकर बहस और कहासुनी शुरू हो गई।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा विवाद को वहीं समाप्त करने का आग्रह किया।मौके ओर पहुंची पुलिस भी बिना किसी कार्रवाई के वापस लौट गई और मामला शांत हो गया।जांच में दुकानदार चन्द्रिका साह और उनके पुत्र रूपेश कुमार ने लिखित आवेदन देकर स्वीकार किया कि गलतफहमी के कारण विवाद बढ़ा था।
उन्होंने वायरल वीडियो और अपने बयान पर खेद जताते हुए माफी मांगी। वहीं डीएसपी ने पीएसआई प्रीतम कुमार को भविष्य में अधिक सतर्क रहने की चेतावनी दी तथा सभी पुलिसकर्मियों को आम जनता के साथ सम्य व्यवहार बनाए रखने का निर्देश दिया।

