वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के लिए दो सौ रुपए की वसूली का आरोप
प्राथमिकी दर्ज,बीएलओ और साइबर कैफे संचालक गिरफ्तार
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि प्रखंड में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के बदले अवैध रूप से पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन के आदेश पर मामले की जांच शुरू की गई है। जांच में पता चला है कि बूथ संख्या-96 के बीएलओ मजीद बैंठा और साइबर कैफे संचालक उपेंद्र कुमार प्रत्येक व्यक्ति से 200 रुपये लेकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने का काम कर रहे थे।
मामले की शिकायत मिलने के बाद इसको गंभीरता से लेते हुए अरेराज की डीसीएलआर इति चतुर्वेदी ने हरसिद्धि बीडीओ गुलशन कुमार को जांच का निर्देश दिया। जांच में शिकायत सही पाई गई। जिसके बाद बीडीओ की रिपोर्ट के आधार पर हरसिद्धि थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया है कि बीएलओ की आईडी का दुरुपयोग किया गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि साइबर कैफे संचालक उपेंद्र कुमार बीएलओ की आईडी का इस्तेमाल कर मतदाता सूची में नाम जोड़ने का कार्य करता था। वसूली गई राशि दोनों आपस में बांट लेते थे। जाहिर है इस गंभीर मामले में अब पुलिस की कारवाई शुरू हुई है , जिसमें दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

