कलाकार पेंशन योजना के जिलेभर के 173 लाभार्थी को सम्मानित करेंगे सांसद राधा मोहन-कलाकारों से मिलकर दी बधाई
मोतिहारी।भाजपा कार्यालय, गांधी कॉम्प्लेक्स में मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के लाभार्थी कलाकारों से सांसद, पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह से मुलाकात की। श्री सिंह ने कहा कि वर्ष 2026 में बिहार सरकार ने इस योजना के अंतर्गत 173 वरिष्ठ कलाकारों का पेंशन स्वीकृत किया है, जिससे राज्य के कलाकारों को आर्थिक संबल मिला है। बिहार सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का मैं हार्दिक स्वागत करता हूं। उन्होंने लाभार्थी कलाकारों को मिठाई खिलाकर बधाई देते हुए आगामी 15 जून को महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में भव्य समारोह में सम्मानित करने की बात कही।
उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा पूर्वी चम्पारण ज़िले के 13 वरिष्ठ कलाकारों को ” मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना ” के लिए चयनित कर उनका पेंशन ज़ारी कर दिया है। गौरतलब है कि बिहार मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना की पात्रता रखने वाले कलाकारों को तीन हजार रुपये प्रति माह पेंशन दी जाती है। बिहार के निवासी 50 वर्ष या उससे अधिक उम्र के कला, लोककला, संगीत, नृत्य, नाटक, चित्रकला आदि क्षेत्र में कम-से-कम 10 वर्ष का योगदान दे चुके कलाकारों को इस योजना का लाभ मिलेगा। मौके पर उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, उपस्थित कलाकारों में मुकेश वर्मा, ब्रज किशोर प्रसाद, डी. के. आज़ाद, राम टहल राम, प्रेम वाजपेई, अंजनी अशेष, संजय मिश्र, संजय उपाध्याय, कल्पना देवी, कपिल देव राम एवं विजय, अमित मौजूद थे।

