तुरकौलिया जहरीली शराब कांड मामले में यूपी के दो स्प्रिट सप्लायर के आलीशान घर की कुर्की
-फरार दोनों स्प्रिट सप्लायर के ऊपर 50-50 हजार के ईनाम थे घोषित
पूर्वी चंपारण। जिले के चर्चित तुरकौलिया जहरीली शराब कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दो स्प्रिट सप्लायरों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की है। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के नहोरा डेरावा गांव निवासी हैं और आपस में सगे भाई बताते गये हैं। उनकी पहचान ललन सिंह उर्फ शीतला प्रसाद सिंह के पुत्र चंदन कुमार और सूरज कुमार के रूप में हुई है।
तुरकौलिया पुलिस की टीम ने न्यायालय के आदेश पर यूपी पहुंचकर दोनों आरोपियों के आलीशान मकान की कुर्की की। इस दौरान पुलिस ने उनके घर पर पहले ही इश्तेहार चिपकाया था, लेकिन कोर्ट में हाजिर नहीं होने पर सख्त कदम उठाया गया। कुर्की की इस कार्रवाई में प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ कुमार, इंस्पेक्टर धर्मवीर भारती सहित कई पुलिसकर्मी सहित यूपी पुलिस शामिल थी। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि दोनों आरोपियों को मोस्ट वांटेड घोषित किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए 50-50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किये गये है। उन्होंने कहा कि जहरीली शराब कांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह दोनों भाई बड़े पैमाने पर स्प्रिट की सप्लाई करते थे, जिसका उपयोग अवैध शराब बनाने में किया जाता था। इसी कड़ी में स्थानीय स्तर पर सक्रिय कई शराब माफियाओं को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। अब तक यूपी के दो अन्य सप्लायरों सहित करीब एक दर्जन से अधिक शराब कारोबारियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
गौरतलब है कि अप्रैल महीने में तुरकौलिया और रघुनाथपुर इलाके में जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया था। प्रशासन पर सख्त कार्रवाई का दबाव बना था। नतीजतन पुलिस ने अभियान चलाकर शराब माफियाओं के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू की है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।

