बिहार पुलिस एवं भारतीय सेना में चयनित 30 युवकों के सम्मान में समारोह का आयोजन
सुगौली। नगर पंचायत क्षेत्र के 30 युवकों के बिहार पुलिस और भारतीय सेना में चयन किये जाने पर धनही के एमजेके स्टेडियम में उनके सम्मान में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं उपमुख्य पार्षद पति विकास शर्मा और विशिष्ट अतिथि के रूप में सुगौली थाना में पदस्थापित महिला पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहीं। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, युवा एवं गणमान्य लोग शामिल हुए।
मौके पर मुख्य अतिथि विकास शर्मा ने कहा कि जुनून फिजिकल एकेडमी ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन,अनुशासन और सकारात्मक वातावरण मिले तो वे किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। बिहार पुलिस एवं भारतीय सेना में एक साथ 30 विद्यार्थियों का चयन पूरे क्षेत्र के लिए गौरव एवं प्रेरणा का विषय है। यह उपलब्धि युवाओं की कठिन मेहनत,उनके अभिभावकों के त्याग तथा प्रशिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। जब हमारे क्षेत्र के युवा वर्दी पहन कर देश और समाज की सेवा करेंगे, तब यह केवल उनके परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे सुगौली और पूर्वी चंपारण के लिए गर्व का क्षण होगा।
समारोह के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया तथा उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सुजीत सहनी, समाजसेवी रवि चौधरी, एसएसबी के जवान तेजनारायण यादव, नितेश यादव सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में एकेडमी के संचालक विवेक कुमार एवं उनकी पूरी टीम को युवाओं के भविष्य निर्माण में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई।

