मेहसी में दो ऑटो स्पेयर दुकानों पर छापेमारी, भारी मात्रा में नकली पार्ट्स बरामद

मेहसी में दो ऑटो स्पेयर दुकानों पर छापेमारी, भारी मात्रा में नकली पार्ट्स बरामद
Facebook WhatsApp

-मामले में दो दुकानदारों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज

मोतिहारी। मेहसी थाना क्षेत्र में नकली ऑटो स्पेयर पार्ट्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। गुप्त सूचना के आधार पर कंपनी के ऑपरेशन मैनेजर और पुलिस की संयुक्त टीम ने स्टेट बैंक रोड स्थित दो दुकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली बाइक पार्ट्स बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, होंडा और टीवीएस कंपनी के ऑपरेशन मैनेजर धीरज शुक्ला को सूचना मिली थी कि मेहसी के कुछ दुकानों में नकली पार्ट्स बेचे जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस के सहयोग से छापेमारी की योजना बनाई गई। सबसे पहले टीम ने स्टेट बैंक रोड स्थित विश्वकर्मा ऑटो सेंटर में छापा मारा, जहां दुकान मालिक संदीप कुमार मौके से फरार हो गया। तलाशी के दौरान दुकान से भारी मात्रा में होंडा और टीवीएस के नकली स्पेयर पार्ट्स बरामद किए गए।

इसके बाद टीम ने पास ही स्थित शुभम मोटरसाइकिल रिपेयरिंग सेंटर में छापेमारी की। यहां भी दुकान संचालक शुभम साह पुलिस को देख फरार हो गया। इस दुकान से भी बड़ी संख्या में नकली बाइक पार्ट्स जब्त किए गए। पुलिस ने सभी बरामद सामान को कब्जे में लेकर थाना ले गई है।

इस मामले में कंपनी के ऑपरेशन मैनेजर धीरज शुक्ला के आवेदन पर मेहसी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। छापेमारी दल में दारोगा ऐनुल हक समेत पुलिस बल के जवान शामिल थे।पुलिस का कहना है कि फरार दुकानदारों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नकली ऑटो पार्ट्स का कारोबार करने वालों में डर का माहौल है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page