देश के शीर्ष केंद्रीय विश्वविद्यालयों में एमजीसीयू को मिला 35वाँ स्थान
पूर्वी चंपारण। महात्मा गाँधी केंद्रीय विश्वविद्यालय (एमजीसीयू) ने भारतीय उच्च शिक्षा जगत में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारतीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क 2025 में केंद्रीय विश्वविद्यालयों की श्रेणी में देशभर में 35वाँ स्थान प्राप्त किया है।यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की निरंतर शैक्षणिक प्रगति, शोध उत्कृष्टता, नवाचार, संस्थागत विस्तार और दूरदर्शी नेतृत्व का सशक्त प्रमाण है।
अपेक्षाकृत कम समय में स्थापित होने के बावजूद महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय ने अनेक प्रतिष्ठित एवं पुराने विश्वविद्यालयों को पीछे छोड़ते हुए यह स्थान प्राप्त किया है।
विश्वविद्यालय ने सिक्किम केंद्रीय विश्वविद्यालय, असम केंद्रीय विश्वविद्यालय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, केंद्रीय विश्वविद्यालय कश्मीर, केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड, त्रिपुरा विश्वविद्यालय, नालंदा विश्वविद्यालय सहित कई संस्थानों से बेहतर प्रदर्शन कर अपनी राष्ट्रीय उपस्थिति को और अधिक सुदृढ़ किया है।
कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने कहा कि “यह उपलब्धि विश्वविद्यालय सामूहिक समर्पण, शैक्षणिक उत्कृष्टता और निरंतर गहन प्रयासों का सुपरिणाम है। हमारा उद्देश्य केवल रैंकिंग प्राप्त करना नहीं, बल्कि ऐसा शैक्षणिक वातावरण निर्मित करना है जो राष्ट्र निर्माण, नवाचार, शोध और मानवीय मूल्यों को केंद्र में रखकर भविष्य की पीढ़ियों का निर्माण करे। विश्वविद्यालय आने वाले समय में और अधिक ऊँचाइयाँ प्राप्त करेगा। सीमित संसाधनों में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पहचान हमारे लिए अत्यंत सुखद है।
चीफ प्रॉक्टर प्रो. प्रसून दत्त सिंह ने कहा की “महात्मा गाँधी केंद्रीय विश्वविद्यालय आज केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि परिवर्तन, संभावनाओं और नवाचार का जीवंत केंद्र बन चुका है। सीमित संसाधनों के बावजूद विश्वविद्यालय ने जिस प्रकार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित की है, वह अत्यंत प्रेरणादायी है। शिक्षा, भारतीय ज्ञान परंपरा, शोध, सामाजिक चेतना और युवा एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रों में एमजीसीयू नए मानक स्थापित कर रहा है।
विश्वविद्यालय पिछले कुछ वर्षों में शिक्षा, शोध, प्रशासन, नवाचार, सामाजिक सहभागिता और छात्र विकास के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।

